गोरखपुर के खजनी में गैस
खजनी में गैस किल्लत पर बवाल, पुलिस से नोकझोंक
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खजनी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत ने लोगों को परेशान कर दिया है। मंगलवार को गैस एजेंसी पर सिलिंडर वितरण के दौरान सैकड़ों उपभोक्ताओं ने हंगामा कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि व्यवस्था संभालने पहुंची पुलिस से भी लोगों की तीखी नोकझोंक हो गई।
सुबह 4 बजे से लाइन, फिर भी नहीं मिला सिलिंडर
बताया जा रहा है कि लोग सुबह करीब चार बजे से ही गैस सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए थे। लेकिन समय पर वितरण शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर गैस की पर्याप्त उपलब्धता नहीं थी और वितरण व्यवस्था भी सही नहीं थी।
45 दिन बाद मिल रहा गैस सिलिंडर
गैस किल्लत की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बुकिंग के बाद सिलिंडर मिलने में करीब 45 दिन का समय लग रहा है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि मांग ज्यादा है और आपूर्ति कम, जिससे यह समस्या लगातार बढ़ रही है।
बैकलॉग दोगुना, संकट और गहराया
गैस वितरण में बैकलॉग तेजी से बढ़ रहा है। जहां पहले करीब 1000 सिलिंडर का बैकलॉग था, अब वह बढ़कर 2000 तक पहुंच गया है। छोटी एजेंसियों में भी यही हाल है, जहां बैकलॉग 500 से बढ़कर 1000 सिलिंडर तक हो गया है।
वाहन से वितरण पर भी विवाद
मौके पर सिलिंडर वाहन से वितरण किए जाने को लेकर भी उपभोक्ताओं ने आपत्ति जताई। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों का गुस्सा और भड़क उठा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और बाद में अपनी निगरानी में सिलिंडर वितरण कराया गया।
पेट्रोल-डीजल की कमी से भी बढ़ी परेशानी
गोरखपुर शहर में पेट्रोल और डीजल की कमी ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
कई पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो गए, जिससे वाहन चालकों को
एक पंप से दूसरे पंप तक भटकना पड़ा। जहां ईंधन उपलब्ध था, वहां लंबी लाइनें लग गईं।
सीमित मात्रा में मिल रहा तेल
स्थिति इतनी खराब हो गई कि जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध था, वहां बाइक में
अधिकतम 200 रुपये और चार पहिया वाहन में 1000 रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा था।
इससे लोगों में और नाराजगी बढ़ी और कई जगह कर्मचारियों से बहस भी हुई।
प्रशासन की अपील और स्थिति नियंत्रण में
पुलिस और प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और
आपूर्ति को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे संयम बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
