राकेश शर्मा की रिपोर्ट
गोरखपुर। बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम टिकुलियाडाड़ में मंगलवार सुबह 17 वर्षीय किशोरी का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलने पर बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
तीन दिन पहले गांव आई थी किशोरी
मृतका की पहचान तन्नू विश्वकर्मा (17) के रूप में हुई है। मृतका के बड़े पिता इंद्रजीत विश्वकर्मा के अनुसार, तन्नू गोरखपुर में रहकर कहीं काम करती थी और करीब तीन दिन पहले ही गांव आई थी। उसके पिता प्रदीप विश्वकर्मा और बड़ा भाई अंकित विश्वकर्मा बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं, उसकी मां भी तीन दिन से किसी रिश्तेदार के यहां गई हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात भोजन करने के बाद तन्नू अपने कमरे में सोने चली गई थी।
सुबह दरवाजा अंदर से मिला बंद
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तन्नू की चचेरी बहन उसे चाय देने के लिए कमरे के पास गई। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद चचेरी बहन ने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो तन्नू का शव फंदे से लटकता दिखाई दिया।
यह देखकर उसने शोर मचाया।
उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
परिवार के लोगों ने तत्काल घटना की सूचना बेलघाट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और
कमरे का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक
विधिक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस की ओर से घटना की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
read this post :नौ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का समापन, विशाल भंडारे में उमड़े हजारों श्रद्धालु