डीएम आवास पर करंट की चपेट में आकर होमगार्ड की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहरामसंतकबीरनगर: डीएम आवास पर तैनात होमगार्ड फूलचंद भारती (41) की शनिवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा उस समय हुआ जब फूलचंद आवास के बाहर लगे सोलर लाइट के खंभे को सीधा कर रहे थे। उसी दौरान ऊपर से गुज़र रही हाईटेंशन लाइन का करंट सोलर खंभे में उतर गया, जिससे फूलचंद की मौके पर ही झुलसकर गंभीर हालत हो गई।
उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फूलचंद के परिवार के सदस्य व अन्य परिचित भी जिला अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद डीएम आवास पर मौजूद आलोक कुमार, एसपी संजय कुमार मीणा समेत अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिवार को हर जरूरी मदद का आश्वासन दिया।फूलचंद भारती संतकबीरनगर के होमगार्ड के पद पर तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार संतानें—दो बेटे आलोक (19) और सागर (16), दो बेटियां साक्षी (14) और आराध्या (12) हैं। अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
प्रशासन की ओर से फूलचंद भारती के परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया गया है।इस घटना ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा और सावधानी की अनिवार्यता को उजागर किया है। स्थानीय प्रशासन ने सम्बंधित विभाग को सोलर खंभों की सुरक्षा जांच के निर्देश दिए हैं तथा आगे इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।