राकेश शर्मा की रिपोर्ट
📍 गोरखपुर/गोला
गोला उपनगर के बेवरी चौराहे स्थित नारायण रिजॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल में मंगलवार को PDA जन पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विश्वकर्मा समाज से जुड़े सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान वक्ताओं ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
कार्यक्रम में समाज के लोगों के साथ जनसंवाद करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, राजनीतिक भागीदारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जन पंचायत में बड़ी संख्या में समाज के लोगों और सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
रामाश्रय विश्वकर्मा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामाश्रय विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विश्वकर्मा समाज के लोगों के साथ कथित तौर पर ज्यादती और उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने गाजीपुर, प्रतापगढ़, देवरिया और कानपुर समेत विभिन्न स्थानों पर हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र किया।
रामाश्रय विश्वकर्मा ने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में PDA समाज, विशेषकर विश्वकर्मा समाज से जुड़े करीब 50 लोगों की हत्या हुई है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए सरकार को जवाब देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर राजनीतिक रूप से मजबूत भूमिका निभानी होगी।
विनय शंकर तिवारी बोले- हर मोर्चे पर विफल है सरकार
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था, महिला सम्मान, रोजगार और जनसुविधाओं समेत विभिन्न मोर्चों पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
उन्होंने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछली सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाकर वर्तमान सरकार इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने PDA समाज के लोगों से राजनीतिक रूप से जागरूक रहने और आगामी चुनाव में एकजुट होकर मतदान करने की अपील की।
विनय शंकर तिवारी ने कहा कि PDA की राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने के लिए समाज के लोगों को आपसी एकजुटता बनाए रखनी होगी।
जन पंचायत में कई नेताओं ने रखे विचार
कार्यक्रम को चिल्लूपार के सपा प्रभारी मिर्जा कदीर बेग, जिला अध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, रामनगीना साहनी, रामनाथ यादव, अवधेश यादव, राजेश भारती और अजय कन्नौजिया सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने PDA के सामाजिक समीकरण, विश्वकर्मा समाज की भागीदारी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास भी किया गया।
अमरजीत यादव ने की अध्यक्षता, यशपाल विश्वकर्मा ने संभाला संचालन
जन पंचायत कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा चिल्लूपार के सपा विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत यादव ने की, जबकि मंच का संचालन यशपाल विश्वकर्मा ने किया।इस अवसर पर श्रीकांत यादव, हरदेव यादव, जनार्दन यादव, प्रभाकर विश्वकर्मा, अरविंद यादव, भुनेश्वर चौबे, परमानंद दूबे, लालजी यादव, फूलचंद विश्वकर्मा, राजू प्रसाद, अरुण यादव, अजय दूबे, सत्यपाल पाण्डेय, अजय राय, भीम यादव, अक्षैवर रंजन और भारती समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।