मुरादाबाद के नागफनी इलाके में
मुरादाबाद में हाईप्रोफाइल डकैती से मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार देर रात हुई बड़ी डकैती की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड में नकाबपोश बदमाशों ने पीतल कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर इमरान के घर में घुसकर करीब 1.20 करोड़ रुपये की नकदी और सोने के जेवर लूट लिए।
घटना के दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और सिर्फ 10 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस हाईप्रोफाइल डकैती के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
डिजिटल लॉक खोलकर घर में घुसे बदमाश
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े तीन बजे छह नकाबपोश बदमाश किसी तरह घर के डिजिटल गेट का सेंटर लॉक खोलकर अंदर घुस गए।
बदमाश सीधे पहली मंजिल पर पहुंचे, जहां कारोबारी इमरान अपने बड़े बेटे अरीब के साथ सो रहे थे। दूसरे कमरे में बेटियां अरीबा और अलीजा मौजूद थीं, जबकि पत्नी सीमा छोटे बेटे अरकान के साथ आंगन में सो रही थीं।
घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सभी छह सदस्यों को पिस्टल और तमंचे के बल पर कब्जे में ले लिया।
‘हमें पता है घर में बहुत कैश है’
परिजनों के अनुसार बदमाशों को पहले से घर में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी। एक बदमाश ने कारोबारी की कनपटी पर तमंचा लगाकर कहा, “हमें पता है कि घर में काफी कैश रखा है। अगर पैसे नहीं दिए तो पूरे परिवार को मार देंगे।”
डरे हुए कारोबारी इमरान ने बेड के पास रखे बैग और थैली में मौजूद 1 करोड़ 20 लाख रुपये बदमाशों को सौंप दिए। इसके बाद बदमाशों ने पत्नी सीमा से करीब छह तोला सोने के जेवर भी लूट लिए।
CCTV DVR और मोबाइल भी ले गए आरोपी
वारदात के दौरान बदमाश सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और परिवार के तीन मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
डकैती के बाद बदमाश परिवार को एक कमरे में बंद कर फरार होने लगे, लेकिन कारोबारी के बेटे अरीब ने दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं होने दिया।
बेटे ने स्कूटी से किया पीछा
बदमाशों के भागते ही अरीब ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से उनका पीछा किया।
वह बंगला गांव स्थित पानी की टंकी तक बदमाशों के पीछे गया,
लेकिन आरोपी पहले से खड़ी दो कारों में बैठकर नागफनी थाने की दिशा में फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार से पूछताछ शुरू की।
डकैती की वारदात की जानकारी मिलते ही बरेली जोन तक हड़कंप मच गया।
रमित शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि कारोबारी की तहरीर पर
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं।
बेटी के जन्मदिन के बाद लौटे थे घर
कारोबारी इमरान ने पुलिस को बताया कि सोमवार को उन्हें जिगर कॉलोनी स्थित प्लॉट की रजिस्ट्री करानी थी,
इसलिए बड़ी रकम घर में रखी हुई थी।
रविवार रात परिवार बेटी अरीबा का जन्मदिन मनाकर घर लौटा था।
इसी दौरान देर रात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इतने सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में हुई करोड़ों की डकैती ने शहर की
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर बदमाश डिजिटल
लॉक खोलकर आसानी से घर में घुस सकते हैं तो आम नागरिक कितने सुरक्षित हैं।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
मुरादाबाद में हुई 1.20 करोड़ रुपये की इस हाईप्रोफाइल डकैती ने
पूरे शहर को हिला दिया है। बदमाशों की प्लानिंग और
घर में रखी रकम की सटीक जानकारी से साफ है कि वारदात पूरी तैयारी के साथ की गई थी।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करना है
