राकेश शर्मा की रिपोर्ट
गोरखपुर। विकासखंड बेलघाट के प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं प्राथमिक विद्यालय मनिकापार के प्रधानाध्यापक विजय कुमार चौधरी को उनके शैक्षणिक एवं विद्यालयी कार्यों के लिए उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। विकासखंड मुख्यालय ब्रह्मपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ब्रह्मपुर, खंड विकास अधिकारी ब्रह्मपुर तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत ब्रह्मपुर की मौजूदगी में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
ब्रह्मपुर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मनिकापार के प्रधानाध्यापक एवं प्राथमिक शिक्षक संघ बेलघाट के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।
इसके अलावा विकासखंड ब्रह्मपुर के प्राथमिक विद्यालय अवरहियां के शिक्षक अनिल तथा प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथपुर के शिक्षक अभय पाठक को भी विद्यालय में किए गए उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षकों के सम्मान से जुड़े इस आयोजन को शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने सकारात्मक पहल बताया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने का संदेश भी सामने आया।
विजय कुमार चौधरी ने एडीओ पंचायत का जताया आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद विजय कुमार चौधरी ने कार्यक्रम के आयोजकों और सम्मान देने वाले अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राम गोपाल त्रिपाठी पूर्व में विकासखंड बेलघाट में एडीओ पंचायत के पद पर तैनात रहे हैं और वर्तमान में विकासखंड ब्रह्मपुर में एडीओ पंचायत के पद पर कार्यरत हैं।
विजय कुमार चौधरी के अनुसार, राम गोपाल त्रिपाठी ने उन्हें विशेष रूप से कार्यक्रम में आमंत्रित किया और शिक्षकों के सम्मान की इस पहल का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को सम्मानित करने की पहल
निश्चित रूप से उनका मनोबल बढ़ाने वाली है। उन्होंने ब्रह्मपुर के
एडीओ पंचायत राम गोपाल त्रिपाठी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
शिक्षक का सम्मान समाज को नई दिशा देने जैसा : अरुण कुमार दूबे
कार्यक्रम की सराहना करते हुए भारतीय एकता जागरण समाज उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं विकासखंड बेलघाट के
मनिकापार निवासी अरुण कुमार दूबे ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना
ईश्वर की पूजा के समान है, क्योंकि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के
साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
अरुण कुमार दूबे ने विकासखंड ब्रह्मपुर के एडीओ पंचायत राम गोपाल त्रिपाठी की पहल की
सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों को सम्मानित करने की
यह पहल दूसरे लोगों और संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक है।
क्षेत्रवासियों ने विजय कुमार चौधरी को दी बधाई
विजय कुमार चौधरी को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सम्मान प्राप्त करने पर रणवीर प्रताप शाही, गुलाब सिंह,
डॉ. रोहित कुमार, सत्य प्रकाश दुबे, बजरंग सिंह, अनिल कुमार तिवारी,
राम सुरेश, वीरेंद्र कुमार और अशोक कुमार सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी।
लोगों ने उम्मीद जताई कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को इसी तरह प्रोत्साहित और
सम्मानित किया जाता रहेगा। इससे विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के प्रति
शिक्षकों की जिम्मेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
read this post :नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और यौन उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार, बड़हलगंज पुलिस ने पटना गेट के पास दबोचा