जल निकासी अवरुद्ध होने से पचासों मकान प्रभावित, बीडीओ ने किया निरीक्षण

राकेश शर्मा की रिपोर्ट

पोखरी का पानी घरों के पीछे तीन से पांच फीट तक जमा, मोटर लगाकर कराई जा रही जल निकासी; स्थायी समाधान का आश्वासन

गोरखपुर। विकासखंड उरुवा की ग्राम पंचायत धुरियापार में जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने के कारण बड़ी संख्या में घर जलजमाव की चपेट में आ गए हैं। पोखरी का पानी निकलने का रास्ता बंद होने से कई मकानों के पीछे करीब तीन से पांच फीट तक पानी जमा है। वहीं एक घर के सामने लगभग डेढ़ से दो फीट पानी जमा होने के साथ पानी घर के अंदर तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए खंड विकास अधिकारी उरुवा ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।

मोटर लगाकर निकाला जा रहा पोखरी का पानी

ग्रामीणों के अनुसार जलजमाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्राम प्रधान की ओर से फिलहाल मोटर लगाकर पोखरी का पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। पिछले करीब तीन दिनों से मोटर के माध्यम से पानी निकालने का प्रयास जारी है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यह अस्थायी व्यवस्था है और जब तक जल निकासी का स्थायी रास्ता नहीं बनाया जाता, तब तक समस्या दोबारा उत्पन्न होती रहेगी।

करीब दस वर्षों से बनी हुई है समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि धुरियापार में जल निकासी की समस्या पिछले करीब दस वर्षों से बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, एक मकान के निर्माण के बाद सरकारी जमीन में बनी जल निकासी की पुलिया के रास्ते में मिट्टी डालकर पानी की निकासी बाधित किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पुलिया की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं हो सकी।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पूर्व में इस समस्या को लेकर आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद तत्कालीन एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर सड़क कटवाकर पानी की निकासी कराई थी, जिससे उस समय ग्रामीणों को राहत मिली थी। हालांकि स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई।

हर बरसात में ओवरफ्लो हो जाती है पोखरी

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में पोखरी का पानी बढ़ने के बाद वह ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों की ओर फैल जाता है। जल निकासी का रास्ता बाधित होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहता है। कई बार यह स्थिति महीनों तक बनी रहने की बात ग्रामीणों ने कही है।

लगातार जमा पानी के कारण आसपास दुर्गंध फैलने की शिकायत भी है। ग्रामीणों को जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहने की चिंता है। सबसे अधिक चिंता बच्चों को लेकर जताई जा रही है, क्योंकि पोखरी के नजदीक ही प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल स्थित हैं।

साप्ताहिक बाजार के रास्ते पर भी असर

जलजमाव का असर धुरियापार कस्बे की साप्ताहिक बाजार तक जाने वाले रास्ते पर भी पड़ रहा है। पोखरी के आसपास पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

घर में पानी घुसने से परेशान ग्रामीण ने दर्ज कराई शिकायत

जलजमाव से प्रभावित ग्रामीण केशव तिवारी के घर के सामने करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा होने की जानकारी दी गई है। पानी घर के

अंदर तक पहुंचने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समस्या को लेकर उन्होंने 1070 आपदा राहत हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद शनिवार को

खंड विकास अधिकारी उरुवा मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

बीडीओ ने पुलिया साफ कराने और पाइप डालने के निर्देश दिए

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने जलजमाव की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए

ग्राम प्रधान को तत्काल जल निकासी वाली पुलिया की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही

पानी की निकासी के लिए अंडरग्राउंड पाइप डालने की व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कराने को कहा।

बीडीओ ने ग्राम प्रधान से जल्द प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है।

उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि समस्या से उच्च अधिकारियों को

अवगत कराया जाएगा और जल निकासी का स्थायी समाधान कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जलजमाव की कराई गई वीडियो और फोटोग्राफी

निरीक्षण के दौरान प्रभावित क्षेत्र की स्थिति की वीडियो रिकॉर्डिंग और

फोटोग्राफी भी कराई गई, ताकि जलजमाव की वास्तविक स्थिति को

अधिकारियों के समक्ष रखा जा सके। प्रशासनिक स्तर पर अब प्रस्ताव और आवश्यक

कार्रवाई के बाद स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाए जाने की उम्मीद ग्रामीणों ने जताई है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान होने से न

केवल घरों को जलजमाव से राहत मिलेगी, बल्कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बाजार

आने-जाने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को भी सुविधा होगी।

निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पिंटू शाही, केशव तिवारी, कतवारू सेठ,

डॉ. मोहम्मद सईद, जगदीश, विनय कुमार, कृष्णा गुप्ता, अनूप जायसवाल, मोनू गुप्ता,

पप्पू, लालजी जायसवाल, रिजवान सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे

read this post :यूपी में 23 PCS अधिकारियों का तबादला, कई ADM और SDM बदले; देखें किसे मिली नई जिम्मेदारी