मुरादाबाद में सपा नेता नसीमुद्दीन
मुरादाबाद में कार्यक्रम के दौरान बिगड़ा माहौल
Moradabad में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा नेता Naseemuddin Siddiqui उस समय नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए, जब समर्थकों ने उनके सामने 2027 विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद सीट से सलीम अख्तर को टिकट दिलाने की मांग रख दी।
रामगंगा विहार स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल गरमा गया। नाराज नसीमुद्दीन सिद्दीकी खाना बीच में छोड़कर कार्यक्रम से बाहर निकल गए। इस घटनाक्रम के बाद सपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले थे- मतभेद हैं, मनभेद नहीं
रतनपुर कलां में प्रस्तावित पीडीए महापंचायत को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पार्टी में किसी तरह के विवाद से इनकार किया था।
उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी में मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं हैं। सभी नेताओं का लक्ष्य 2027 में पार्टी को सत्ता में वापस लाना है। हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के कुछ ही मिनट बाद बैंक्वेट हॉल का माहौल पूरी तरह बदल गया।
टिकट की मांग पर नाराज हुए नसीमुद्दीन
सूत्रों के मुताबिक भोजन के दौरान सलीम अख्तर समर्थकों ने नसीमुद्दीन सिद्दीकी से मुरादाबाद विधानसभा सीट के लिए टिकट की पैरवी करने की मांग कर दी।
यह सुनते ही नसीमुद्दीन सिद्दीकी नाराज हो गए। उन्होंने गुस्से में कहा, “मैं टिकट दिलाने वाला कौन होता हूं, मुझे पार्टी में आए अभी कितना समय हुआ है।”
इतना कहकर वह भोजन की टेबल से उठ गए और कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गए।
नेताओं ने रोकने की कोशिश की
मौके पर मौजूद विधायक नवाब जान, सलीम अख्तर और अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं सुनी।
बताया जा रहा है कि नाराज सिद्दीकी ने हाथ झटकते हुए कार्यक्रम स्थल छोड़ दिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने सपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे नदारद
खास बात यह रही कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के कई बड़े जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं थे।
सिर्फ विधायक नवाब जान और कुछ पदाधिकारी ही कार्यक्रम में पहुंचे थे।
सांसद और अन्य विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
हालांकि नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि
संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता और देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी की
पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
2027 चुनाव को लेकर सपा का बड़ा दावा
प्रेसवार्ता के दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी पीडीए फॉर्मूले के दम पर 2027 में सत्ता में वापसी करेगी।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये की
आर्थिक सहायता दी जाएगी और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी।
राजनीतिक गलियारों में तेज हुई चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में सपा की अंदरूनी खींचतान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विपक्षी दल भी इसे लेकर निशाना साध रहे हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि 2027 चुनाव से पहले टिकट को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान और बढ़ सकती है।
