Hapur News: हिस्ट्रीशीटर प्रॉपर्टी डीलर की चाकुओं से गोदकर हत्या, शरीर पर मिले 18 गहरे घाव

दिनदहाड़े हत्या से इलाके में फैली दहशत

Hapur के मोहल्ला अलीनगर में पुरानी रंजिश के चलते हिस्ट्रीशीटर प्रॉपर्टी डीलर राशिद उर्फ लंबू की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में चार सगे भाइयों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

दूध लेकर लौट रहे राशिद पर हमला

नगर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित अलीनगर गली नंबर तीन निवासी राशिद गुरुवार सुबह दूध लेने के लिए घर से निकले थे। आरोप है कि घर लौटते समय मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।

पीड़ित के छोटे भाई अलीशान के अनुसार, पड़ोसी सुलेमान, इमरान, राशिद और सुफियान ने मिलकर उनके भाई पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना नवाब के घर के सामने हुई।

चीख सुनकर पहुंचे परिजन

हमले के दौरान राशिद की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल राशिद को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा

मृतक के भाई अलीशान ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के नौशाद ने भी हत्या की साजिश में

आरोपियों का साथ दिया। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Gyananjay Singh और Vineet Bhatnagar ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि राशिद और पड़ोसी सुलेमान के

परिवार के बीच पिछले करीब एक साल से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि अगस्त 2025 में सुलेमान के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले में उसे शक था कि

राशिद ने महिला को मुकदमा दर्ज कराने के लिए उकसाया था।

इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में अक्सर विवाद होता रहता था।

गुरुवार सुबह भी दूध लेने के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद हमला कर दिया गया।

शरीर पर मिले 18 गहरे घाव

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राशिद के शरीर पर चाकुओं के 18 गहरे घाव मिले हैं।

डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हुई।

हमले की क्रूरता को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी भी

हालत में राशिद को जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे।

राशिद पर दर्ज थे 31 मुकदमे

पुलिस के अनुसार राशिद उर्फ लंबू हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ हत्या,

लूट समेत विभिन्न मामलों में कुल 31 मुकदमे दर्ज थे।

हालांकि, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। राशिद अपने परिवार में पांच बहनों और तीन

भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके परिवार में पत्नी अफसाना,

दो बेटियां आयत और जोया तथा दो बेटे मोहम्मद और उमर हैं।

इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट

हत्या के बाद मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में

भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।