गोरखपुर के गगहा क्षेत्र
गोरखपुर। जिले के गगहा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नर्रे बुजुर्ग गांव निवासी 20 वर्षीय विजय मौर्य ट्रैक्टर-ट्रॉली से नीचे गिरकर पहिये के नीचे आ गए। गंभीर रूप से घायल विजय को परिजन और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार को गांव से मूर्ति विसर्जन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली निकली थी। विजय मौर्य भी उसी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिरकर ट्रॉली के पहिये के नीचे आ गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग और परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक विजय के पिता ने गगहा थाने में तहरीर देकर गांव के ही शैलेश गुप्ता पर लापरवाही से
ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने का आरोप लगाया है। पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
मजदूरी करके परिवार चलाते हैं पिता
विजय के पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद
उन्हें बेटे से काफी उम्मीदें थीं। विजय परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं।
एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी अभी अविवाहित है। इकलौते भाई की
अचानक मौत से दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बेटे को खोने के गम में मां बार-बार बेसुध हो जा रही हैं।
गांव में पसरा मातम
विजय की मौत की खबर मिलते ही नर्रे बुजुर्ग गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जिस परिवार में कुछ समय पहले तक
खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और
मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
read this post :Gorakhpur News: पहले कंपोजिट और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में हो पदोन्नति, 2600 शिक्षकों को मिल सकता है लाभ – तारकेश्वर शाही
