राकेश शर्मा की रिपोर्ट
गोरखपुर। सरयू अमृत महोत्सव 2026 के अंतर्गत रविवार को विधानसभा चिल्लूपार क्षेत्र में आचार्य चाणक्य स्मृति प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग विद्यालयों में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों पर 27 विद्यालयों के करीब 3000 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के दौरान केंद्रों पर विद्यार्थियों की अच्छी उपस्थिति रही। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
16 परीक्षा केंद्रों पर हुई प्रतिभा खोज परीक्षा
आचार्य चाणक्य स्मृति प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए विधानसभा चिल्लूपार क्षेत्र में कुल 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 27 विद्यालयों के लगभग 3000 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए करीब 300 केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी।
आयोजकों की ओर से परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा देने में किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह नजर आया।
ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचानना प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य
प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक एवं चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली विद्यार्थी हैं, जिन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने पर वे आगे चलकर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आचार्य चाणक्य स्मृति प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रथम तीन स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेंगे खास पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। आयोजकों के अनुसार प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को स्कूटी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को लैपटॉप और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थी को टैबलेट पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा प्रतियोगिता में टॉप-10 में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह भी बढ़ा है।
15 अक्टूबर को घोषित होगा परीक्षा परिणाम
आचार्य चाणक्य स्मृति प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को अब परिणाम का इंतजार रहेगा। आयोजकों के मुताबिक प्रतियोगिता का परिणाम 15 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
परिणाम की घोषणा रुद्र महायज्ञ एवं सरयू अमृत महोत्सव के दौरान की जाएगी। महोत्सव का आयोजन 11 से 17 अक्टूबर तक पितरों की तृप्ति के उद्देश्य से प्रस्तावित है। इसी दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने की तैयारी है।
आयोजन में इन लोगों का रहा विशेष सहयोग
परीक्षा के सफल आयोजन में अमरनाथ वर्मा, अनिल भट्ट, आचार्य वेद प्रकाश त्रिपाठी, राजीव पांडेय, अभिषेक सिंह, सूरज पांडेय, प्रशांत शाही, मुकेश दुबे, संजय पांडेय, अजय राजभर, पंकज सोनकर, रेवरेंट डीके सिंह, प्रवीण दुबे, आलोक पांडेय और दीपक राय सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी केंद्र व्यवस्थापकों, विद्यालयों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।