लखनऊ। वर्ष 2047 तक प्रदेश के विकास का खाका तीन थीम और 12 सेक्टर में काम के आधार पर तैयार होगा। इसके बाद इसे सदन में फिर रखकर सेक्टरवार चर्चा होगी। इसमें वर्ष 2047 तक प्रति व्यक्ति आय 26 लाख वार्षिक करने का संकल्प है। बहुमतिवार विधान मंडल के दोनों सदनों में करीब 27 घंटे की कार्यवाही का समापन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने विजन डॉक्यूमेंट 2047 का प्रारूप सदन में प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट किया कि यह दस्तावेज फिलहाल एक प्रस्ताव है। इसमें 500 विशेषज्ञों सहित हर व्यक्ति की सहमति ली जाएगी। वर्ष 2030 तक प्रदेश को 10 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और अगले पांच वर्षों में विकास दर को 14-15 फीसदी से बढ़ाकर 20 फीसदी तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को 300 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश को 10 से 60 खरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का रोडमैप बनाना होगा। राज्य का जीडीपी योगदान 9.3% से बढ़ाकर कम से कम जनसंख्या अनुपात 16% के बराबर करना होगा।