उत्तरांव थाना क्षेत्र के संबोधीपुर गांव में धर्म परिवर्तन की सूचना मिलने पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना हुई है. आरोप है कि धर्म परिवर्तन के लिए लोगों को प्रलोभन दिया जा रहा था और जब विहिप कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया, तो आयोजकों ने उनके साथ मारपीट की.
इस मामले में पुलिस ने दो नामजद व्यक्तियों सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया है और एक आरोपी जवाहर को गिरफ्तार कर लिया है. विहिप के जिला संयोजक देवेंद्र सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, संबोधीपुर गांव में यीशु चर्चा के दौरान कई गांवों से लोग आए थे, जिनमें जवाहर और उसका बेटा जितेंद्र मुख्य थे. आरोप है कि ये लोग धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहे थे और वहां सामान भी रखा था.
विहिप कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना उत्तरांव पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाहर को गिरफ्तार कर लिया. इस घटना के बाद थाने में विहिप के जिला प्रमुख दुर्गेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.