हार्वट बांध पर पत्थरबाजी में दोनों पक्षों पर केस
राजघाट थाना क्षेत्र में हुई थी घटना, पुलिस दो को हिरासत में लेकर कर रही जांच
गोरखपुर। राजघाट थाना क्षेत्र के हाउसबूर हार्वट बांध पर बृहस्पतिवार की दोपहर भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी हो गई। दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चलने से अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए।
शुक्रवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर करीब 10 नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज किया। साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब तीन बजे पन्नेलाल यादव अपनी जमीन पर निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि तभी भज्जू यादव 50 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण का विरोध करने लगे। इसी बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में सड़क पर पत्थरबाजी शुरू हो गई।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल भिजवाया।
