झोपड़ी में सो रहा था शख्स, अचानक लाठी-सरिया लेकर पहुंचे हमलावर; पैर तोड़ने का आरोप, केस दर्ज

राकेश शर्मा की रिपोर्ट

गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के लाहीडाड़ी गांव में पुस्तैनी जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे एक व्यक्ति पर कथित तौर पर लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से हमला कर दिया गया। मारपीट में उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगहा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

पुस्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद

लाहीडाड़ी निवासी शारदा देवी पत्नी जवाहर लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि परिवार में पुस्तैनी जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। तहरीर के मुताबिक, इसी विवाद के चलते परिवार के कुछ लोग उनके पति जवाहर लाल पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते रहते हैं।

शारदा देवी का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनके पति को निशाना बनाया गया।

रात में झोपड़ी में सो रहे थे जवाहर लाल

तहरीर के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 11 बजे जवाहर लाल खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान अंकुश पुत्र रामचंद्र कथित रूप से एक अज्ञात व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने जवाहर लाल के साथ लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से मारपीट शुरू कर दी।

हमले में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई, जिससे पैर टूट गया।

शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोग

मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोगों के

पहुंचने के बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से

मारने की धमकी देने लगे। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए

सीएचसी गगहा भेजा गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने

घायल की हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

गंभीर चोट के बाद जिला अस्पताल रेफर

परिजनों के मुताबिक, हमले में जवाहर लाल के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है।

पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए जिला

चिकित्सालय भेजा गया। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

मामले को लेकर गोला थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में है। आरोपियों के खिलाफ

बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 और 117(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से

जुड़े आरोपों एवं परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

जमीन-जायदाद के विवाद से जुड़ी इस घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।

read this post :छात्रा से अश्लील हरकत के आरोपी प्रबंधक पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है केस