
गांव में दहशत, पुलिस कर रही छानबीन
गोरखपुर जिले के उरुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सखरुवा के राजस्व ग्राम गोहलिया में बीती रात गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। देर रात हुई इस घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार गोहलिया निवासी शिवम तिवारी उर्फ जिमी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से देर रात करीब 12 बजे घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
स्कॉर्पियो गाड़ी में लगी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फायरिंग इतनी अचानक हुई कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलीबारी के दौरान एक गोली सीधे स्कॉर्पियो गाड़ी में जा लगी। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमला किन कारणों से किया गया।
मौके पर पहुंची उरुवा पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उरुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने गोली लगी स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
इसके अलावा एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
शाम करीब चार बजे टीम ने घटनास्थल और वाहन की
बारीकी से जांच की। पुलिस को घटनास्थल से कुछ अहम सबूत मिलने की उम्मीद है।
फॉरेंसिक टीम गोली के निशान, कारतूस और
तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात
इंस्पेक्टर श्याम देव चौधरी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और
जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
गांव में बना भय और तनाव का माहौल
देर रात हुई गोलीबारी के बाद गोहलिया गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से लोग डर गए हैं।
घटना के बाद गांव में पुलिस की आवाजाही बढ़ गई है और
लगातार इस मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
बढ़ते अपराधों पर उठे सवाल
इस घटना के बाद इलाके में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को
लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि
रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
गोहलिया गांव में हुई इस फायरिंग की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
लोग घटना को लेकर चिंता जता रहे हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
read this post :कच्चे तेल के भाव गिरने के बावजूद भारत में क्यों बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम