गोरखपुर ज़िले के पिपराइच क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोमवार की शाम योनपुर स्थित हनुमान मंदिर में आरती के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने महिलाओं पर मांस के टुकड़े फेंक दिए। अचानक हुई इस हरकत से आरती में शामिल महिलाओं और श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। लोग तुरंत उस युवक को पकड़कर मंदिर के बाहर लाए और उसकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही पिपराइच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही लोग गुस्से में थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक ने जानबूझकर मंदिर की आस्था को ठेस पहुंचाने के लिए ऐसा किया। घटना के बाद महिलाओं ने जोरदार विरोध जताया और मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। बाद में पुलिस ने मांस के टुकड़ों को कब्जे में लेकर जांच के लिए फोरेंसिक टीम को सौंप दिया।
प्रभारी निरीक्षक चौरीचौरा, अनुपम सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के टिला गांव निवासी उमर यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।
लोगों का कहना है कि मंदिर में आरती के दौरान इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिशरमैन वर्ल्ड न्यूज़ चैनल आपसे अपील करता है कि अफवाहों से बचें और किसी भी संवेदनशील घटना की जानकारी केवल आधिकारिक सूत्रों पर भरोसा करके ही साझा करें।