सफाईकर्मी ने कमरे में फंदा लगाकर दी जान
पहले भी पत्नी से विवाद के बाद कई बार कर चुका था खुदकुशी की कोशिश
संवाद न्यूज एजेंसी
भटहट थाना क्षेत्र के चिट्ठडहा के दुबे टोला निवासी सफाईकर्मी दिलीप कुमार (35) ने शुक्रवार रात फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त उसकी पत्नी व बच्चे बरामदे में सो रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
दिलीप कुमार पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मचारी के पद पर पिपराइच ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनरही में कार्यरत थे। शुक्रवार देर रात खाना खाने के बाद वह पत्नी मनीषा व बच्चों के साथ बरामदे में सो गए। देर रात करीब एक बजे मनीषा की नींद खुली, तो दिलीप बिस्तर पर नहीं थे।
मेन गेट पर ताला लगा होने के कारण वह कमरे की तरफ गई, लेकिन कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था।
रोशनदान से झांककर देखा तो दिलीप का शव छत की कुंडी में साड़ी के सहारे लटक रहा था। मनीषा की चीख सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता की मौत से बेटियों व बेटे का बुरा हाल
दिलीप की मौत से दो बेटियां व एक बेटा रो-रोकर बेहाल थे।
पत्नी से होता था अक्सर विवाद
दिलीप ने तकलोल निवासी मनीषा से प्रेम विवाह किया था। वह शराब का लती था। इसके चलते अक्सर उसका पत्नी से विवाद होता था। इससे पहले भी वह पत्नी से विवाद के बाद कई बार खुदकुशी की कोशिश कर चुका था।
ग्रामियों ने बताया कि दिलीप मिलनसार स्वभाव के थे। गांव की सुख-दुख में शामिल हुआ करते थे।
