महराजगंज जनपद में रसोई गैस की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि पूरे देश में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की भारी किल्लत हो गई है। सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश स्तर पर नरेंद्र मोदी और प्रदेश स्तर पर योगी आदित्यनाथ की सरकार जनता को गुमराह कर रही है।
जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव
उन्होंने कहा कि गैस की कमी के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में गैस सिलेंडर खत्म हो चुके हैं और लोगों को मजबूरी में लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है। यह स्थिति विशेष रूप से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बेहद कठिन हो गई है।
विद्यासागर यादव ने कहा कि गैस संकट का असर सिर्फ घरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर व्यापार और रोजगार पर भी पड़ रहा है। होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट गैस न मिलने के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। वहीं शहरों में पढ़ाई करने वाले छात्र भी इस संकट से प्रभावित हो रहे हैं और कई जगहों पर उन्हें भूखे रहने तक की नौबत आ रही है।
सपा कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर लेकर किया विरोध प्रदर्शन
धरना प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी की वजह से भी समस्या और गंभीर हो गई है। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ लोग ज्यादा कीमत लेकर अवैध रूप से सिलेंडर बेच रहे हैं।
समाजवादी पार्टी ने सरकार से मांग की कि तत्काल प्रभाव से गैस की सप्लाई को नियमित किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। साथ ही कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए। सपा नेताओं ने यह भी मांग की कि जिले स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याएं न उत्पन्न हों।
महराजगंज में गैस सिलेंडर की किल्लत
धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामलाल यादव, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव उर्फ लल्ला यादव, प्रणय गौतम, श्रीमती सुमन ओझा, बिद्रेश कन्नौजिया, संतोष कृष्ण त्रिपाठी, नौशाद आलम, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, मक्खू प्रसाद, सतीश यादव, विजय यादव, विजय जायसवाल, रामचंद्र बौध, डॉ. एस.एस. पटेल, बबलू सिंह, राहुल शर्मा, राजेश निषाद, राहुल पांडेय, सुनील त्रिपाठी और ओमप्रकाश यादव सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सपा नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही गैस संकट का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले समय में और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और जरूरतों के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
