गोरखपुर: जनपद में अपराध पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एम्स पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, थाना एम्स में दर्ज मुकदमा संख्या 64/2026 के तहत अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना एम्स पुलिस की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक यादव उर्फ राजू पुत्र जवाहर लाल यादव निवासी हेतिमपुर थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया तथा दीपक सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी सैदरपट्टी थाना महुआडीह जनपद देवरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लूटा हुआ मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मार्च 2026 को दोनों आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल से आए और रास्ते में थप्पड़ मारकर उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में थाना एम्स में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
गोरखपुर में लूट का खुलासा:
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
