Oplus_131072
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर दीपावली और छठ पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई अहम कदम उठाए हैं। यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए जनरल टिकट बिक्री, पार्सल बुकिंग और प्लेटफॉर्म टिकट की व्यवस्था को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है
जनरल टिकट बिक्री बंद
गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों की संख्या क्षमता से कई गुना अधिक बढ़ जाने के कारण रेलवे प्रशासन ने फिलहाल जनरल टिकट की बुकिंग रोक दी है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह कदम यात्री सुरक्षा के मद्देनज़र उठाया गया है। अब स्टेशन में प्रवेश केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जिनके पास आरक्षित टिकट हैं। गेट पर टिकट चेकिंग की सख्त व्यवस्था की गई है ताकि बिना टिकट कोई भी व्यक्ति स्टेशन परिसर में प्रवेश न करे
पार्सल बुकिंग पर रोक
गोरखपुर जंक्शन सहित पूर्वोत्तर रेलवे के कई स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग और लोडिंग-अनलोडिंग पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध 29 अक्टूबर से 1 नवंबर तक लागू रहेगा इस दौरान किसी भी प्रकार के पार्सल की बुकिंग नहीं की जाएगी ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ से बचा जा सके और यात्रियों की आवाजाही सुचारू बनी रहे।
प्लेटफॉर्म टिकट भी बंद

रेलवे ने पहले ही 19 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा रखी है। इससे स्टेशन पर गैर-जरूरी भीड़ को सीमित करने में मदद मिल रही है। इस अवधि में केवल टिकटधारी यात्री ही स्टेशन परिसर में प्रवेश कर सकेंगे
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
भीड़ प्रबंधन के लिए गोरखपुर स्टेशन पर पांच बड़े होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं जिनमें लगभग 2000 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इन क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, लाइटिंग, उद्घोषणा प्रणाली, मोबाइल चार्जिंग, और सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। साथ ही, स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों के अनावश्यक आवागमन पर रोक लगाई गई है
त्योहारों के सीजन में विशेष व्यवस्था
छठ और दीपावली के मौकों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 200 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। वहीं, 24 घंटे चलने वाले वॉर रूम के जरिए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना टिकट भीड़ को रोकने, सीट व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ तथा जीआरपी की तैनाती भी बढ़ाई गई है