चेन्नई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु के ग्रामीण विकास मंत्री व द्रमुक नेता पेरीयसामी और उनके विधायक बेटे आई. संथिल कुमार के कई ठिकानों पर शनिवार को छापेमारी की। ईडी ने यह कार्रवाई चेन्नई और डिंडीगुल में आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत की।
72 साल के पेरीयसामी डिंडीगुल के अथूर क्षेत्र से विधायक हैं। आरोप है कि 2006 से 2010 के बीच मंत्री रहते हुए पेरीयसामी ने पत्नी पी. सुगंथी, बेटों संथिल व पी. प्रभु के नाम पर करीब 2.1 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की, जो उनके ज्ञात आय स्रोतों से मेल नहीं खाती। जांच मद्रास हाईकोर्ट के अपील में दिए आदेश से जुड़ी है। हाईकोर्ट ने विशेष अदालत को पेरीयसामी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में आरोप तय करने का निर्देश दिया था।
सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय ने पेरीयसामी और परिवार को बरी करने के ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी।
द्रमुक ने ईडी की कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सांसद कनिमोझी ने कहा, भाजपा विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव में लेने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।