Oplus_0
धराली के बाद अब कराली में तबाही
बादल फटने से कई घर-दुकान तबाह, दो लोगों की मौत, 50 से अधिक वाहन बहे, 400 लोग राहत केंद्र में भेजे गए, बचाव अभियान जारी
उत्तरकाशी : जनपद में आपदा थमने का नाम नहीं ले रही है। गंगोत्री हाईवे पर धराली के बाद अब कराली गांव में बादल फट गया। देर रात करीब ढाई बजे आई आपदा से भारी तबाही हुई है। करीब 67 घर और 06 दुकानें मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह तबाह हो गईं। इस दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना में 50 से अधिक वाहन भी बह गए। करीब 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बने राहत शिविरों में भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक देर रात ढाई बजे अचानक भारी बारिश के बीच कराली गांव के ऊपर बादल फट गया। इस दौरान मलबे और पानी का भारी सैलाब गांव में घुस गया। देखते ही देखते दर्जनों मकान और दुकानें मलबे में समा गईं। कई घरों में सो रहे लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। अब तक दो शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी बारिश और मलबा आने से गंगोत्री हाईवे भी कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। सड़क पर खड़े कई वाहन मलबे में बह गए।
प्रशासन ने प्रभावित गांव से करीब 400 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर बने राहत शिविरों में पहुंचाया है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
