महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सोहरा खास में सोमवार की सुबह भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस विवाद की वजह पांच दिनों से खूँटा गाड़ने को लेकर चल रही थी
। इसी विवाद में 60 वर्षीय वृद्ध हरीराम यादव की भाला मारकर नृशंस हत्या कर दी गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है,
जिसमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।ग्रामीणों के अनुसार, हरीराम के दो बेटे जोगेंद्र और सोनू तथा दो बेटियां वंदना और रेखा हैं। सभी संतानें विवाहित हैं। जोगेंद्र एसएसबी में तैनात है,
जबकि सोनू घर पर रहता है। सोमवार की सुबह जब हरीराम अपने घर के बाहर पट्टीदार के घर के पास खूँटा गाड़ने के विवाद को सुलझाने पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। इसी बीच, मामला और बढ़ गया।
आरोप है कि बहस के दौरान आरोपियों में से एक ने हरीराम के सीने में भाला घोंप दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक जयराम निपुणा मौके पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए। गांव में तनाव देखते हुए एसपी ने आरोपियों के घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया है
।थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिसमें दो की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।इस हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है
और ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।