सीबीएसई (CBSE) की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं अगले साल यानी 2026 में 17 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड ने संभावित डेटशीट जारी कर दी है।
खास बात यह है कि पहली बार कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा एक ही शैक्षणिक सत्र में दो बार होगी। पहली बार परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक कराई जाएगी, जबकि दूसरी बार परीक्षा 15 मई से एक जून 2026 तक होगी।कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से अप्रैल 2026 तक चलेगी।
बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि 10वीं के दोनों सत्रों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन तुरंत किया जाएगा। 12 दिनों में मूल्यांकन पूरा कर लिया जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि कक्षा 12 की भौतिकी की परीक्षा 20 फरवरी को है, तो मूल्यांकन 3 मार्च से शुरू होकर 15 मार्च तक पूरा होगा।
इस योजना से विद्यार्थियों को समय पर तैयारी का मौका मिलेगा और मूल्यांकन भी त्वरित होगा। बोर्ड ने सभी संबंधित स्कूलों को इन बदलावों के लिए सूचित किया है ताकि विद्यार्थियों को सुधार के लिए दूसरी बार परीक्षा देने का मौका मिल सके।
