अलीगढ़ में मंत्री संदीप सिंह
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरव सिंह की 14 नवंबर को होने वाली सगाई को लेकर अलीगढ़ में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। तालानगरी स्थित आयोजन स्थल पर मेहमानों के स्वागत से लेकर सुरक्षा, पार्किंग, भोजन और बैठने तक के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। समारोह की खास बात यह है कि वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए तीन अलग श्रेणियों में व्यवस्थाएं बनाई गई हैं।
सेंट फिदेलिस स्कूल के पास करीब 100 बीघा क्षेत्र में आयोजन स्थल तैयार किया गया है। यहां बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे परिसर को अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है। आयोजन की तैयारियों के अनुसार, परिसर में 657 कारों की पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है।
तीन तरह के निमंत्रण कार्ड, प्रवेश के लिए अलग गेट
समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए तीन प्रकार के निमंत्रण कार्ड तैयार किए गए हैं। मेहमानों को उनके निमंत्रण कार्ड के आधार पर संबंधित क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा। आयोजन स्थल के सामने सड़क की ओर चार से पांच प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।
वीआईपी और वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं, जबकि सामान्य अतिथियों के लिए दो बड़े गेट रखे गए हैं। परिसर के अंदर भी बैरिकेडिंग और अलग रास्तों के जरिए मेहमानों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की योजना है।
*वीवीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल और किचन
वीवीआईपी मेहमानों के लिए विशेष पंडाल, पार्किंग और भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए करीब 123 गुणा 90 फीट का कॉटेज एरिया निर्धारित किया गया है। उनके वाहनों के लिए 260 गुणा 130 फीट की अलग पार्किंग रखी गई है।
वीवीआईपी अतिथियों के भोजन के लिए 82 गुणा 50 फीट का अलग किचन एरिया बनाया गया है। इसके अतिरिक्त 40 गुणा 30 फीट का एक अन्य किचन और स्टोर ब्लॉक भी निर्धारित किया गया है। बैठने के लिए गोल मेज और सोफे जैसी सुविधाओं की व्यवस्था प्रस्तावित है।
सामान्य मेहमानों के लिए फूड काउंटर और बैठने की व्यवस्था
आयोजन स्थल के दूसरे हिस्से में सामान्य मेहमानों के लिए बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां गोल मेजों और कुर्सियों के साथ बैठने की व्यवस्था होगी। परिसर के किनारों पर भोजन के काउंटर और स्टॉल लगाए जाएंगे।
पूरे आयोजन में भोजन की व्यवस्था के लिए सात अलग-अलग किचन बनाई गई हैं। इसके अलावा सर्विस एरिया,
स्टोर, कर्मचारियों के लिए टेंट और शौचालयों की व्यवस्था भी रखी गई है।
विदेशी फूलों से सजाया जा रहा समारोह स्थल
सगाई समारोह की सजावट को खास बनाने के लिए थाईलैंड से ऑर्किड और नीदरलैंड से ट्यूलिप सहित लिली और
अन्य आकर्षक फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
आयोजन स्थल पर मुख्य मंच और मंडप तैयार किया जा रहा है।
मंच के सामने बुफे गैलरी और मेहमानों की आवाजाही के लिए खुली जगह रखी गई है।
कैलाश खेर देंगे संगीत की प्रस्तुति
समारोह में संगीत कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर को
कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। जानकारी के अनुसार, संदीप सिंह की मंगेतर मेघना की पसंद पर
उन्हें बुलाया गया है। उनके गीतों से समारोह की शाम संगीतमय होगी।
मुख्यमंत्री योगी और राज्यपाल समेत कई विशिष्ट अतिथियों को निमंत्रण
समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के
मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक,
सामाजिक क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के भी पहुंचने की संभावना जताई गई है।
अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह के
आगमन का कार्यक्रम भी निर्धारित बताया गया है। डॉ. दिनेश शर्मा के 14 नवंबर को दोपहर करीब
एक बजे अलीगढ़ पहुंचने और आधे घंटे बाद रवाना होने का कार्यक्रम है।
सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
एसएसपी नीरज जादौन और एसपी सिटी आदित्य बंसल ने
आयोजन स्थल का निरीक्षण कर प्रवेश और निकास द्वारों सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अतिथियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल के पास हेलीपैड भी तैयार किए गए हैं।
संदीप सिंह और उनके भाई की सगाई को लेकर अलीगढ़ में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
अब 14 नवंबर को होने वाले इस समारोह में देश और प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
read this post :Gorakhpur News: पहले कंपोजिट और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में हो पदोन्नति, 2600 शिक्षकों को मिल सकता है लाभ – तारकेश्वर शाही
