रामगढ़ताल के पास खड़ी कार में लगी आग
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के नौकायन परिसर में शनिवार शाम अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे।
हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सूत्रों के अनुसार, नौकायन चौकी के पास पुलिस लिखी हुई एक कार खड़ी थी। अचानक उसके इंजन से धुआँ निकलने लगा और कुछ ही सेकेंड में आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज ने सूझबूझ दिखाते हुए लोगों को तुरंत वहां से हटाया और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी हटवा दिया। इसी सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जैसे ही सूचना मिली, फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लगभग 20 मिनट के प्रयास के बाद आग पूरी तरह से नियंत्रित हो सकी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी। आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुँचकर पूरे इलाके को घेर लिया और भीड़ को नियंत्रित किया।
स्थिति सामान्य होने के बाद ही लोगों को वापस आने दिया गया।