चौरीचौरा क्षेत्र में है एशियन फर्टिलाइजर फैक्ट्री, दोपहर में गैस लीक होने से अफरा-तफरी
फैक्ट्री से गैस रिसाव, चपेट में आए 14 बच्चे बीमार
चौरीचौरा क्षेत्र में है एशियन फर्टिलाइजर फैक्ट्री, दोपहर में गैस लीक होने से अफरा-तफरी
अमर उजाला ब्यूरो
सरदानगर (गोरखपुर)।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के देवरकहिया गांव में सोमवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एशियन फर्टिलाइजर कंपनी में सल्फ्यूरिक एसिड से निकली गैस के रिसाव के चलते चपेट में आकर 14 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। गले और आंख में जलन और उल्टी की शिकायत पर इन बच्चों को सरदार नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। देर शाम प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
फैक्ट्री के आसपास की आबादी से सटे होने की वजह से ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर गैस रिसाव की सूचना अधिकारियों को दी। इसके साथ ही फैक्ट्री को बंद करने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन करने लगे। हंगामा कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि इससे निकलने वाले एसिड और गैस से लोगों की सेहत के अलावा फसलें भी खराब हो रही हैं। इससे पहले भी गैस रिसाव के चलते लोग बीमार पड़ चुके हैं। फैक्ट्री आबादी के नजदीक है, इसे बंद कराना जरूरी है।
एसडीएम ने बंद कराई फैक्ट्री, जांच कमेटी गठित
घटना की जांच के लिए प्रशासन की अगुवाई में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई होगी।
— दीपक मीणा, डीएम
प्रशासन ने फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। हादसे की जांच के लिए एडीएम प्रशासन की अगुवाई में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है। कमेटी एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। इसके बाद फैक्ट्री संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।
ग्रामीणों ने किया विरोध-प्रदर्शन
ग्रामीणों ने बताया कि देवरकहिया में एशियन फर्टिलाइजर कंपनी की तरफ से सल्फर खाद का उत्पादन किया जाता है। उत्पादन प्रक्रिया के दौरान प्रेशर बढ़ने पर सल्फ्यूरिक एसिड गैस के रूप में निकलती है। सोमवार को दोपहर में साढ़े तीन बजे इसी सल्फ्यूरिक एसिड से निकले गैस का रिसाव होने से फैक्ट्री के सामने वाली सड़क से गुजर रहे अंश शर्मा, निहाल शर्मा, आयन शर्मा, बुलबुल, छोटी, बिंदू शर्मा, हर्ष शर्मा व चाहत आदि की आंख व गले में जलन और उल्टी होने लगी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
