विधानसभा में सीएम का सपा पर पलटवार, कहा – सपा को नहीं भाता विकास, व्यापारियों से वसूला जाता था गुंडा टैक्स : योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा में सपा सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों का करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सपा को विकास नहीं भाता है। उनकी सरकार में व्यापारियों से गुंडा टैक्स वसूला जाता था। उसका लोकतंत्र में विश्वास केवल दिखावा है।
सीएम ने कहा कि सपा गोरखपुर में विकास कार्य में विघ्न डालना चाहती थी, जिसका व्यापारियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का सम्मान किया गया, दूसरा कोई होता तो कानून से जवाब दिया जाता।
योगी ने सदन में कहा – “सपा और लोकतंत्र की सोच दो अलग-अलग चीजें हैं। सपा का मकसद सिर्फ़ तुष्टिकरण और अपने कुनबे को लाभ देना है। विपक्ष के नेता अपने क्षेत्र में विकास कार्य को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “आप वरिष्ठ हैं और लोग आपको गौरव मान रहे हैं। मैंने पिछले तीन दिन गोरखपुर में विरासत कॉरिडोर का दौरा किया और एक-एक व्यापारी से बात की। सपा ने मुनादी लगवा दी थी कि वहां अतिक्रमण हटाकर सड़क बनाई जा रही है।”
ऐतिहासिक स्थानों को जोड़ेगा विरासत कॉरिडोर
योगी ने बताया कि यह कॉरिडोर गोरखपुर के सबसे पुराने बाजार, घंटाघर और नीलामी प्रेस जैसे ऐतिहासिक स्थानों को जोड़ेगा। सरकार सुनिश्चित करेगी कि विकास कार्य के दौरान किसी का नुकसान न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के कार्यकाल में इस क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ।
सीएम ने कहा कि उनकी सरकार में गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में कैंचों वाली सड़कें बन रही हैं और सपा के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।