गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में संतकबीरनगर फायर ब्रिगेड में चालक के पद पर तैनात 57 वर्षीय सुमंत कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
तीन दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे
गोला थाना क्षेत्र के भूपगढ़ गांव निवासी सुमंत कुमार सिंह (57) पुत्र रामआशीष सिंह संतकबीरनगर जिले के फायर ब्रिगेड में चालक के पद पर तैनात थे। बताया गया कि वह तीन दिन की छुट्टी बिताने के बाद रविवार सुबह बाइक से अपनी ड्यूटी पर वापस लौट रहे थे।
बिछिया पीएसी कैंप के पास हुआ हादसा
सुमंत बाइक से शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया पीएसी कैंप के समीप राहुल नगर मोहल्ले से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बाद में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था।
मंगलवार सुबह इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने के बावजूद सुमंत कुमार सिंह की हालत में सुधार नहीं हो सका। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी गृह भेज दिया।
सुमंत कुमार सिंह के निधन की खबर से भूपगढ़ गांव और उनके परिवार में शोक की लहर है। वह संतकबीरनगर फायर ब्रिगेड में चालक के रूप में सेवाएं दे रहे थे और छुट्टी पूरी होने के बाद बाइक से ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान हुए सड़क हादसे में उनकी जान चली गई।
