लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम
जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
Lucknow में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में Yogi Adityanath ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित की समस्या का समाधान संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी जरूरतमंद को योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
बिहार से सिर्फ ‘दर्शन’ के लिए पहुंची महिला
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल तब आया जब Bihar से आई एक महिला मुख्यमंत्री योगी से मिलने पहुंची। सीएम ने जब उनसे पूछा कि क्या परेशानी है और कहां से आई हैं, तो महिला ने स्थानीय भाषा में जवाब दिया — “महाराज जी प्रणाम! कवनो दिक्कत नाही बा, बस आपके दर्शन करेके रहल त आ गइलीं।”
महिला की बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे। सीएम योगी ने महिला का
अभिवादन स्वीकार किया और उनका हालचाल पूछा।
सीएम योगी ने दी गर्मी से बचने की सलाह
सीएम योगी ने महिला से कहा कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है, इसलिए बिना जरूरी काम के
घर से बाहर न निकलें। उन्होंने महिला से परिवार के सभी लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
जनता दर्शन में उमड़ी लोगों की भीड़
जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने सभी से एक-एक कर
मुलाकात की और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था,
इलाज, जमीन विवाद और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई मामलों की सुनवाई की गई।
