Oplus_0
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई
लखनऊ में रियल एस्टेट कंपनी रोहतास ग्रुप के छह ठिकानों पर ईडी के छापे
लखनऊ में मदन मोहन मालवीय मार्ग स्थित आवास पर ईडी की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को रियल एस्टेट कंपनी रोहतास ग्रुप के लखनऊ और दिल्ली के छह ठिकानों पर छापा मारकर निरीक्षण के साथ धोखाधड़ी के अहम साक्ष्य जुटाए। छापे में बैंकों के संदिग्ध लेन-देन और राजस्थान के एक नामचीन ज्वेलर्स से सांठगांठ के प्रमाण मिले हैं।
ग्रुप की 116 करोड़ की संपत्तियों को लखनऊ पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है। बैंकों, ग्राहकों व कंपनी के खिलाफ शिकायतों में भी कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए, जिनमें जांच जारी है। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, रोहतास ग्रुप के खिलाफ वर्ष 2021 तक दर्ज 48 मुकदमों के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वर्तमान में कंपनी के खिलाफ 87 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। ये मुकदमे कंपनी की आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों के खरीदारों ने दर्ज कराए थे। यूपी रेरा की फोरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने निवेशकों के साथ 248 करोड़ की धोखाधड़ी की है।
कंपनी के प्रमोटर तीन भाई — पियूष रस्तोगी, परेश और दीपक फरार चल रहे हैं। ईडी ने बुधवार को लखनऊ के मदन मोहन मालवीय मार्ग स्थित तीन में से आवासीय और कार्यालय ठिकानों और दिल्ली के ठिकानों पर छापा डाला। ईडी अभी तक कंपनी की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया में है। सुबह जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।