पत्थरी के ऑपरेशन के लिए किया भर्ती… निकाली किडनी, दो पर केस
कुशीनगर : न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल का संचालक है मुख्य आरोपी
14 अप्रैल को अस्पताल संचालक ने ही किया था ऑपरेशन, दोनों आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। पत्थरी का ऑपरेशन करने के बहाने अस्पताल संचालक ने नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के रामपुर गांव के उपाध्याय टोला निवासी अलाउद्दीन (35) की किडनी ही निकाल ली। हालत बिगड़ने पर अलाउद्दीन दूसरे डॉक्टर के यहां गया, तब इसका पता चला। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली बाजार में न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल के संचालक इमामुद्दीन और तार मोहम्मद के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
अलाउद्दीन पेट में दर्द होने पर 4 अप्रैल को महाराजगंज जिले के एक निजी अस्पताल गया। वहां अल्ट्रासाउंड में पथरी पाई गई और डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए कुशीनगर के उस अस्पताल में भेजा, जहां उसका दोस्त काम करता था। इस दौरान उसकी मुलाकात तार मोहम्मद से हुई, जो कोतवाली बाजार के न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल ले गया और वहां संचालक इमामुद्दीन से मिलाया। इमामुद्दीन ने कहा कि यहां कम पैसे में बेहतर ऑपरेशन हो जाएगा।
इसकी बातों में आकर अलाउद्दीन 13 अप्रैल को हॉस्पिटल चला गया। उसी दिन उसे भर्ती कर लिया गया। अलाउद्दीन के अनुसार, 14 अप्रैल को ऑपरेशन के लिए कोई बाहरी सर्जन नहीं आया, बल्कि अस्पताल संचालक इमामुद्दीन और तार मोहम्मद ने ही ऑपरेशन कर दिया।
ऑपरेशन के बाद से उसकी तबीयत दिन-ब-दिन खराब होने लगी। तब उसने दूसरे डॉक्टर को दिखाया, वहां पता चला कि उसकी एक किडनी निकाल ली गई है। स्वस्थ होने के बाद अलाउद्दीन ने एसपी संतोष मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने इमामुद्दीन और तार मोहम्मद पर किडनी निकालने के मामले में केस दर्ज कर लिया।
एसपी के अनुसार, हॉस्पिटल रजिस्टर्ड भी नहीं है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए दबिश दी जा रही है।